नई दिल्ली
मोदी सरकार में सबसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों में से एक गृह मंत्रालय लगातार सुर्खियों में बना हुआ है, जिसका जिम्मा अब अमित शाह के ऊपर है। लिहाजा सबकी नजर अब उनपर है कि वो कैसे इस अहम मंत्रालय के तहत आने वाली चुनौतियों का सामना करते हैं।
इसी बीच अब गृह मंत्रालय से जुड़ी खबर सामने आ रही है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी साकेत कुमार को शुक्रवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का निजी सचिव नियुक्त किया गया। एक सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई।
एक सरकारी आदेश के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निजी सचिव के रूप में एक IAS अधिकारी को नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि आईएएस अधिकारी साकेत कुमार की नियुक्ति को जुलाई, 2023 तक सक्षम अधिकारी द्वारा मंजूरी दे दी गई है।
कौन हैं साकेत कुमार?
कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सक्षम प्राधिकार ने 29 जुलाई 2023 तक कुमार की नियुक्ति को अनुमति दी है। वह 2009 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। कुमार को पिछले साल संचार मंत्रालय में तत्कालीन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा रेलवे मंत्रालय में तत्कालीन राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का निजी सचिव नियुक्त किया गया था।
बता दें, साकेत ने बांका और बिहार के खगड़िया जिले में जिला मजिस्ट्रेट के रूप में काम किया है। इसके अलावा, वह हिंदू कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हैं और वहां के इतिहास का अध्ययन किया है।
पूर्व गृह मंत्री राजनाथ सिंह के निजी सचिव भी बिहार कैडर से थे
इससे पहले, कुंदन कुमार पूर्व गृह मंत्री राजनाथ सिंह के निजी सचिव भी बिहार कैडर के अधिकारी थे।
वहीं एक अन्य आदेश में, एम इमकोंग्ला जमीर को 22 जुलाई 2020 तक कपड़ा और महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी का निजी सचिव नियुक्त किया गया।
जमीर 2002 बैच की कर्नाटक कैडर की आईएएस अधिकारी हैं। वह 2015 में तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति की निजी सचिव बनी थीं। इसी प्रकार नौकरशाह आशीष कुमार को केन्दीय मंत्री जितेन्द्र कुमार का निजी सचिव 27 अगस्त 2021 तक नियुक्त किया गया है।
अमित शाह की बढ़ी सुरक्षा
अधिकारियों ने कहा कि इस बीच, गृह मंत्री अमित शाह का सुरक्षा घेरा भी मजबूत कर दिया गया है क्योंकि दिल्ली पुलिस ने उनके आवास पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है। शाह के संवेदनशील मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद यह कदम पिछले हफ्ते आया था।
एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्री की सुरक्षा की समीक्षा की है और अतिरिक्त घटक को अपने निवास पर स्थानांतरित कर दिया है। अमित शाह को वर्तमान में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों द्वारा जेड प्लस सुरक्षा दी जाती है।