दुखद: मऊ विधायक मुख्तार अंसारी के बहनोई का इंतकाल

MUKHTAR ANSARI BROTHER IN LAW EXPIRE IN LUCKNOW 1 010418

गाजीपुर, यूपी

मऊ से बीएसपी के विधायक मुख्तार अंसारी के लिए बुरी खबर है। उनके बहनोई 65 साल के सईद मुख्तार सिद्दीकी का सुबह इंतकाल हो गया है। सईद मुख्तार बीमार थे और लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती थे। उनके इंतकाल की खबर सुनने के बाद पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गयी। गाज़ीपुर के साथ मऊ, आज़मगढ़, लखनऊ समेत कई ज़िलों के लोग उनके ङर पहुंच रहे हैं।

मुख्तार अंसारी के बड़े बेटे अब्बास अंसारी ने बताया कि फूफा की तबीयत चार-पांच रोज पहले काफी खराब हो गई थी। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। आज रविवार सुबह 6:30 बजे करीब उनका इंतकाल हो गया। अब्बास अंसारी ने बताया कि आज शाम को मगरिब बाद रौजा स्थित शाह जुनैद सकलेनाबाद गाज़ीपुर के कब्रिस्‍तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जायेगा।

मालूम हो कि मुख्तार अंसारी की बड़ी बहन की शादी मियापुरा निवासी सईद मुख्ता‍र सिद्दीकी से हुई थी। अब सईद सिद्दीकी का परिवार रायगंज में मकान बनाकर रहता है। सईद मुख्तार सिद्दीकी के पार्थिव शरीर को लेकर अब्बास अंसारी, मंसूर अंसारी और अब्बास अंसारी के प्रतिनिधि बृजेश जायसवाल और परिवार के कई सदस्यों के साथ लखनऊ से गाज़ीपुर के लिये रवाना हो चुके हैं।