Breaking
11 Feb 2025, Tue

रमजान करीब, दिखने लगी मुस्लिम इलाकों में रौनक

माहे रमजान की रौनक शुरू होने वाली है। इसका असर मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में नजर आने लगा है। खासकर एक महीने तक चलने वाले रमजान के लिए खरीदारी भी जोरों पर शुरू हो गई है। सहरी और इफ्तार का सामान मुस्लिम इलाकों में बिकने लगा है। भीषण गर्मी को देखते हुए इस बार रमजान पर खास तैयारी की जा रही है। मस्जिदों, मदरसों में एसी, कूलर और पंखे बढ़ाए जा रहे हैं। तरावीह में काफी भीड़ होती है, ऐसे में कई गेस्ट हाउस में इंतजाम हुआ है। वहां भी कूलर लगाए जा रहे हैं। मौलानाओं का कहना है कि 29 का चांद नजर आया तो दो अप्रैल शनिवार रात से ही तरावीह शुरू हो जाएगी। तब पहला रोजा रविवार को रखा जाएगा। चांद की तस्दीक नहीं हुई तो 30 का चांद मानते हुए रविवार रात तरावीह होगी। तब पहला रोजा सोमवार को रखा जाएगा। बुधवार को चौक, नखासकोहना, नूरुल्ला रोड, रोशनबाग, खुल्दाबाद, करेली आदि इलाकों में रमजान की खरीदारी को लेकर भीड़ रही। खासकर महिलाएं रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाले सामान की खरीदारी करने पहुंचीं।