Breaking
8 Feb 2025, Sat

कोर्ट में आरोप तय, राहुल ने RSS को बताया था महात्मा गांधी का हत्यारा,

RAHUL GANDHI APPEAR BHIWANDI COURT 1 120618

भिवंडी, महाराष्ट्र

राहुल गांधी आज मंगलवार को महाराष्ट्र की भिवंडी कोर्ट में हाज़िर हुए। आरएसएस मानहानि के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भिवंडी की स्थानीय कोर्ट में आरोप तय हुए। कोर्ट में पेशी के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि, ‘मैं बेकसूर हूं।’ आईपीसी की धारा 499 और 500 के तहत आरोप तय हुए हैं। कोर्ट में राहुल गांधी ने आरोपों को गलत बताया लेकिन कहा कि मैं केस का सामना करूंगा। मामले की अगली सुनवाई 10 अगस्त को होगी।

मालूम हो कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 7 जुलाई 2014 को भिवंडी की एक रैली में कहा था कि आरएसएस के लोगों ने महात्मा गांधी की हत्या की थी। इसके खिलाफ आरएसएस की भिवंडी शाखा के सचिव राजेश कुंटे ने भारतीय दंड संहिता की धारा 499 (मानहानि) व 500 के तहत शिकायत की है। आरएसएस ने शिकायत में दावा किया गया है कि राहुल के इस बयान से आरएसएस की छवि धूमिल हुई है और उसकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

मालूम हो कि पेशी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मुंबई जाएंगे जहां वो  कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के मुंबई आगमन पर मुंबई कांग्रेस ने उनके स्वागत के लिए एक हजार ऑटो रिक्शा वालों को तैयार किया है। मुंबई में पार्टी के नेता संजय निरुपम ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष 12 जून की दोपहर 2 बजे गोरेगांव के एनएससी ग्राउंड पर आयोजित कांग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी करेंगे।