विश्व हिंदू परिषद से अलग होकर अपना नया संगठन अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद बनाने वाले अध्यक्ष डॉ प्रवीण तोगड़िया ने आर्टिकल 370 को लेकर बड़ा बयान दिया है। बाराबंकी पहुंचे प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि धारा 370 के समर्थन और विरोध में रैलियां करने से किसी का पेट नही भरने वाला है। देश ने कई महामारी के बारे में सुना होगा मगर इस समय देश में नई महामारी फैली हुई है जिसका नाम बेरोजगारी की महामारी है। प्रवीण तोगड़िया बाराबंकी में अपने कार्यकर्ताओं की रैली में शामिल होने आये थे।
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि देश में 10 करोड़ लोगों के पास रोजगार नहीं है। 5 करोड़ लोगों का रोजगार चला गया। एक करोड़ लोगों का व्यवसाय कपड़ा क्षेत्र में चला गया। 70 सालों में पहली बार देश में आर्थिक इमरजेंसी है। उन्होंने कहा कि हमें लगता है कि पूरे भारत में हमें रोजगार दो का अभियान चलाना पड़ेगा। सुरक्षित भारत, समृद्ध भारत और अखंड भारत हमारा नारा है।
उन्होंने कहा कि अब देशभर को इस बेरोजगारी महामारी से बचाने के लिए डॉक्टर तोगड़िया और उसका संगठन निकल पड़ा है। वहीं राम मन्दिर के बारे में प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि जब तीन तलाक पर कानून बन सकता है तो राम मन्दिर पर क्यों नही? प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि हमें राम भी चाहिए, हमें रोटी भी चाहिए, युवाओं को रोजगार भी चाहिए।