बागपत, यूपी
माफिया मुन्ना बजरंगी की हत्या के आरोपी सुनील राठी पर शनिवार की सुबह हमले की कोशिश की गई। वह पैरोल पर दिल्ली से बागपत आ रहा था, तभी सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए कई गाड़ियां घुस गईं। हालांकि, पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए 5 कारों को रोक लिया और कार सवार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
सुनील को सहारनपुर-दिल्ली हाइवे होते हुए टीकरी ले जाया जा रहा था। सुबह 10 बजे करीब काफिला ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के मवी कलां टोल पर पहुंचा। तभी अचानक से 5 एसयूवी गाड़िया सुनील राठी के काफिले में घुस आईं। इससे पहले की तिहाड़ जेल पुलिस कुछ समझ पाती, पांचों गाड़ियों ने जेल की उस गाड़ी को अपने घेरे में ले लिया, जिसमे सुनील राठी को ले जाया जा रहा था।
साथ चल रही जेल पुलिस में हड़कंप मच गया। तुरंत ही सुनील राठी का अपरहण करने का वायरलेस पर मैसेज गूंजने लगा। बागपत पुलिस ने एक्सप्रेस-वे पर चेकिंग शुरू कर दी। मौके पर जेल पुलिस ने भी कोशिशें शुरू कर दीं। इस घटना की सूचना तिहाड़ जेल दिल्ली भी पहुंच गई।
गौरतलब रहे कि सुनील राठी पर मौजूदा वक्त में रंगदारी, हत्या, हत्या की कोशिश और लूट के 24 से ज्यादा मामले चल रहे हैं। 2018 में बागपत जेल में बंद मुन्ना बजरंगी गोली मारकर हत्या करने का आरोप सुनील राठी पर लगा है।
वहीं, इस बारे में सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाह का कहना है कि हमें सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात गाड़ियां सुनील राठी के काफिले में घुस आई हैं। उन्होंने सुरक्षा घेरे को तोड़ दिया है। हमले की आशंका जताई गई थी। इसके बाद हमने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। बाद में हिदायत देकर उन्हें छोड़ दिया। वो सुनील राठी के ही परिचित थे। अपहरण की खबर गलत निकली थी।