मीना हादसा: अब तक 45 भारतीय हाजियों की मौत

मीना, सऊदी अरब

मीना में हज के दौरान मची भगदड़ में मरने वाले लोगों में 10 और भारतीय हाजियों की पहचान की गई है। इस हादसे में जान गंवाने वाले भारतीयों की संख्या बढ़ कर अब 45 हो गयी जबकि घायल 50 भारतीय हाजियों का इलाज अभी चल रहा है। पिछले हफ्ते मक्का में शैतान को कंकड़ मारने की धार्मिक परंपरा के दौरान भगदड़ मच गई थी जिसमें करीब 770 लोग की मौत हो गई थी। सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान पिछले 25 साल में ये सबसे बड़ा हादसा है।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि ‘हज के दौरान मची भगदड़ में मरे भारतीयों की संख्या अब 45 हो गयी है। सऊदी अरब में 50 भारतीय हजयात्री विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।’ इससे पहले इतवार को 13 लोगों की पहचान के बाद मरने वाले भारतीयों की संख्या बढ़ कर 35 हो गयी थी। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भगदड़ में मरे हाजियों की संख्या रविवार को 1090 बतायी थी जो सऊदी अरब के अधिकारियों की तरफ से दिए गए आंकड़े 769 से बहुत ज्यादा है।

विदेश मंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा था कि सऊदी अधिकारियों ने उन 1090 हजयात्रियों के फोटो जारी किए हैं जो हज के दौरान मची भगदड़ में मारे गए। मीना भगदड़ हादसा में घायल होने वालों हाजियों की तादाद 934 है। सउदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ ने इस हादसे की जांच के लिए एक कमेटी गठित करने का आदेश दिया है। इस साल होने वाले हज में 180 से ज़्यादा मुल्क के 20 लाख लोग शामिल हुए थे। भारत की तरफ से करीब एक लाख पचास हज़ार लोग हज के लिए गए थे।

भारतीय हज मिशन ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है-

हेल्प लाइन नंबर- +966-125606368