कर्नाटक: सीएम येदियुरप्पा कोरोना पॉजिटिव, मणिपाल हॉस्पिटल में शिफ्ट

CM YEDURAPPA CORONA POSITIVE ADMITTED IN HOSPITAL 1 160421

बंगलुरु, कर्नाटक

राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्हें सबसे पहले रमैया मेमोरियल हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। जहां से अब मणिपाल हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। कोरोना रिपोर्ट आने से पहले सीएम येदियुरप्पा ने आज कोविड पर एक इमरजेंसी मीटिंग ली थी। यह मीटिंग उनके आवास पर हुई थी।

वहीं देश में 15 अप्रैल को कोरोना के 2 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आए, जो एक दिन का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। इसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 1,40,74,564 हो गई। वहीं, सक्रिय मामले भी 14 लाख के पार पहुंच गए। पिछले 24 घंटे के दौरान 1083 लोगों ने जान गंवाई, जिसके बाद कुल मौतों की संख्या 1,73,123 हो गई। बता दें कि देश में लगातार 37 दिन से कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है।

पीएम मोदी ने की समीक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में चिकित्सा ग्रेड की ऑक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समीक्षा की। दरअसल कई राज्यों से आक्सीजन की कमी की खबरें आ रही हैं। यूपी में तो आक्सीजन की कमी से कई मौतें हुई हैं।

यूपी, छत्तीसगढ़ के हालात की समीक्षा करेगा केंद्र
केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला और स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण विभिन्न बैठकों में उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कोविड-19 संबंधी हालात की शुक्रवार को समीक्षा करेंगे। इससे पहले, केंद्र सरकार के इन दोनों शीर्ष अधिकारियों ने मध्य प्रदेश में हालात की समीक्षा की थी।

भर्ती हुए अभिनेता विवेक
जाने-माने तमिल अभिनेता विवेक शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती हुए। फिल्म उद्योग से जुड़े सूत्रों ने इस बारे में बताया। सूत्रों ने बताया कि हास्य अभिनेता ‘‘बेहोश’’ हो गये जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अभिनेता ने बृहस्पतिवार को कोविड-19 रोधी टीका लिया था। ‘पद्मश्री’ से सम्मानित विवेक ने रजनीकांत, विजय और अजित कुमार समेत कई बड़े तमिल अदाकारों के साथ काम किया है।