Breaking
26 Mar 2025, Wed

सेल्फी लेने के लिए बुर्का हटाया तो भुगतना होगा अंजाम, मुस्लिम संगठन की महिलाओं को धमकी

मुस्लिम डिफेंस फोर्स 24/7 नाम के एक संगठन ने मुस्लिम महिलाओं को सेल्फी लेने को लेकर धमकी दी है। संगठन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुस्लिम महिलाओं को धमकाते हुए लिखा है कि जो मुस्लिम महिला बुर्का नहीं पहनेगी और सार्वजनिक जगहों पर सेल्फी लेगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मेंगलुरु के पुलिस कमिशन्र शशि कुमार के मुताबिक ये ग्रुप खुद को मुस्लिम अधिकारों का संरक्षक बताता है। इस ग्रुप में सोशल मीडिया के जरिए कहा है कि महिलाएं सार्वजनिक जगहों पर बुर्का हटाकर सेल्फी ना लें। यही नहीं इस संगठन ने धमकी दी है कि जो मुस्लिम महिलाएं सार्वजनिक जगहों पर बुर्का नहीं पहनेंगी उनपर हमला किया जाएगा।

सीपी शशि कुमार के मुताबिक वो इस ग्रुप पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि ये मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम और फेसबुक के अलावा व्हाट्सएप पर भी लोगों को ये संदेश दिया जा रहा है। उनके मुताबिक व्हाट्सएप ग्रुप पर ये संगठन खुद को मुस्लिम अधिकारों का संरक्षक बताते हुए कह रहा है कि ये उनका कर्तव्य है कि वो मुस्लिम महिलाओं को धार्मिक परंपराओं को तोड़ने से रोकें।

मेंगलुरु पुलिस कमिश्नर के मुताबिक इस सगंठन ने लोगों को धमकाते हुए कहा है कि जहां कहीं भी कोई मुस्लिम महिला बिना बुर्का पहने नजर आती है वो वहीं उस महिला को सबक सिखाएंगे। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक उनकी टीम लगातार इश ग्रुप के बारे में पता करने की कोशिश कर रही है कि ये कौन लोग हैं? पुलिस के मुताबिक ग्रुप के कुछ सदस्यों के बारे में तो उन्हें जानकारी है लेकिन ये मैसेज असल में चला कहां से है और इसका मास्टरमाइंड कौन है पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है।