Breaking
21 Jan 2025, Tue

लखनऊ, यूपी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के चलते कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष फैसल लाला को पार्टी की सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति द्वारा ये निर्णय लिया गया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता बृजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि फैसल लाला को अनुशासन समिति द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण स्पष्टीकरण हेतु 9 सितम्बर को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया। यही नहीं सोशल मीडिया पर वह लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे।

जानकारी के अनुसार सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रामपुर आगमन को लेकर मुतीउर्रहमान खां बबलू और फैसल लाला ने विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया था। इससे पहले भी दोनों नेता लगातार आजम खान के खिलाफ बयानबाजी, धरना-प्रदर्शन आदि करते रहे हैं। पूर्व में जब सपा की समिति रामपुर आई थी, उस वक्त भी धरना-प्रदर्शन किया गया था। कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य विनोद चौधरी की ओर से मुतीउर्रहमान खां बबलू और फैसल लाला को नोटिस जारी कर पांच दिन में जवाब देने को कहा था।

कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष फैसल लाला नोटिस मिलने के बाद और मुखर हो गए थे। इतना ही नहीं प्रियंका गांधी से लेकर सोनिया गांधी तक को उन्होंने बेहद तल्ख लहजे में चिट्ठी लिखी, जिसमें अनुशासन समिति पर ही गंभीर आरोप लगाए थे।

अनुशासन समिति के सदस्य एवं पूर्व विधायक राज जियावन की ओर से जारी छह साल के उनके निष्कासन पत्र में साफ कहा है कि सपा अध्यक्ष के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ है। आरोप है कि भाजपा की गोद में बैठकर फैसल लाला कांग्रेस की छवि धूमिल कर रहे हैं। जिस पर उन्हें कांग्रेस से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

By #AARECH