Breaking
16 Jun 2025, Mon

बहराइच के लाल ने ताइक्वाण्डो में बढ़ाया देश का मान

अब्दुल अज़ीज़

बहराइच

दुनिया में खेल प्रतिभा के जरिये शान्ति का पैगाम देने के क्रम में बहराइच के एक होनहार ने परचम गाड़ते हुए तीसरा स्थान हासिल कर देश, प्रदेश और अपने ज़िले का नाम रोशन किया। आज जब ये लाल अपने ज़िले लौटा तो जनपद वासियों ने भव्य स्वागत किया।

मिली जानकारी के मुताबिक़ बीते दिनों भूटान में विश्व स्तर की ताइक्वाण्डो प्रतियोगिता आयोजित की गयी है। इसमें भारत की ओर से खेलने के लिए बहराइच के नाज़िरपुरा निवासी इसरार अहमद को मौका मिला तो उन्होंने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इसरार अहमद ने अपने बेहतर खेल प्रदर्शन के ज़रिये इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में काँस्य पदक जीतते हुए तीसरा मुकाम हासिल किया है। इसरार की इस कामयाबी से विश्व क्षितिज पर भारत के साथ साथ उत्तर प्रदेश और बहराइच का भी गौरव बढ़ा है।

प्रतियोगिता से वापस लौटने पर आज नगर पालिका अध्यक्ष हाजी मो रेहान के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने इसरार अहमद का माला पहना कर शानदार स्वागत किया। इस सफलता से गदगद ज़िले के ताइक्वाण्डो खिलाड़ियों द्वारा संघ के अध्यक्ष शादाब हुसैन के नेतृत्व में मिठाइयाँ भी बांटी गयीं।