Breaking
16 May 2025, Fri

हरम शरीफ हादसा: अब तक 107 की मौत, 230 घायल

मक्का, सऊदी अरब

मक्का के हरम शरीफ में हुए हादसे में अबतक 107 लोगों की मौत हुई है, जबकि 230 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस हादसे में 2 भारतीय हज यात्रियों की मौत हो गई है, वहीं 15 घायल हुए हैं। ये हादसा उस वक्त पेश आया था जब अल हरम मस्जिद की छत पर एक क्रेन गिर गई।

मक्का में सिविल डिफेंस अधिकारियों का कहना है कि तेज़ बारिश और हवाओं की वजह से क्रेन मस्जिद की छत तोड़ते हुए अंदर घुस गई। मक्का… इस्लाम धर्म के मानने वालों के लिए सबसे पवित्र जगह हैं। पूरी दुनिया से लोग मक्का की इस पाक मस्जिद में आते हैं। ये हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब हज यात्रा के लिए यहां तैयारियां पूरी ज़ोरो पर चल रही हैं। इस साल हज यात्रा 21 से 26 सितंबर के बीच होगी।

हादसे के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके इस घटना पर दुख जताया है। वहीं, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने ट्वीट किया कि मक्का में क्रेन दुर्घटना के कारण मारे गए लोगों के परिजन के प्रति दिल से संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने एक बयान जारी करके मक्का की हरम शरीफ मस्जिद में हुई दुर्घटना पर गहरा दु:ख प्रकट किया है, जिसमें कई लोगों की मौत हुई।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया कि जेद्दा में भारतीय वाणिज्य दूतावास इस हादसे के बाद मक्का में हालात पर नज़र रख रहा है। हमने खबरें देखी हैं कि 9 भारतीय घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे काउंसलर जनरल समेत सभी बड़े अधिकारी मौक़े पर मौजूद हैं। भारतीय डॉक्टरों को सभी सरकारी अस्पतालों में भेज दिया गया है।

पिछले साल सऊदी अरब ने हरम शरीफ मस्जिद परिसर को बढ़ाने के लिए जारी निर्माण कार्य का हवाला देते हुए सुरक्षा कारणों से हाजियों की संख्या घटा दी थी। सउदी अरब प्रशासन बड़ी संख्या में आने वाले हज यात्रियों की सुविधा और उनकी आवाजाही के लिए परिवहन और अन्य बुनियादी ढांचे संबंधी सुविधाओं के इंतजाम पर खर्च करता है।