Breaking
16 May 2025, Fri

मीना हादसा: अब तक 101 भारतीय हाजियों की मौत

मीना, सऊदी अरब

मीना में हज के दौरान शैतान को कंकड़ मारने की रस्म अदायगी में मची भगदड़ में मरने वाले लोगों में कई और भारतीय हाजियों की पहचान की गई है। इस हादसे में जान गंवाने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर अब 101 हो गयी। जबकि 32 भारतीय हाजियों अब भी लापता हैं। सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान पिछले 25 साल में ये सबसे बड़ा हादसा था।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की ट्वीट
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की ट्वीट

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि सऊदी अधिकारियों ने मीना भगदड़ में मारे गए कुछ और हाजियों की पहचान की है। मारे गए भारतीयों की संख्या बढ़कर अब तक 101 है। जबकि 32 लोग अब भी लापता हैं। भारतीय दूतावास इस मामले पर लगातार सऊदी अरब सरकार के संपर्क में हैं और वह वहां पर मौजूद भारतीय हाजियों की मदद कर रहा है। मीडिया की खबरों के अनुसार इस हादसे में अबतक 1,216 लोगों की मौत हुई है।

इस हादसे के बाद सऊदी अरब सरकार की इस मामले में काफ़ी आलोचना हुई थी। सऊदी अरब के धार्मिक नेता ने इस हादसे को मानव नियंत्रण से बाहर बताते हुए अधिकारियों का बचाव किया था। सऊदी अरब के बड़े मुफ्ती शेख अब्दुल अज़ीज़ बिन-अब्दुल्ला अल-शेख ने कहा था कि मक्का में हज के दौरान हुई भगदड़ पर इंसान का वश नहीं था। सउदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ ने इस हादसे की जांच के लिए एक कमेटी गठित करने का आदेश दिया था।

इस साल होने वाले हज में 180 से ज़्यादा मुल्क के 20 लाख लोग शामिल हुए थे। भारत की तरफ से करीब एक लाख पचास हज़ार लोग हज के लिए गए थे।