Breaking
16 May 2025, Fri

नई शुरुआत: शिया-सुन्नी ने पढ़ी एक साथ नमाज़

लखनऊ

यूपी की राजधानी लखनऊ में शिया और सुन्नी समुदाय के लोगों ने मिलकर एक नई इबारत लिखी है। ईद-उल-अज़हा के मौके पर शुक्रवार को दोनों समुदायों ने एक साथ नमाज़ पढ़ कर इत्तेहाद की नई मिसाल कायम की। दरअसल सोशल मीडिया पर कुछ युवाओं ने इसकी पहल की थी।

राजधानी लखनऊ के चौक इलाके में सिब्तैनाबाद इमामबाड़े में सुबह शिया और सुन्नी ने कंधे से कंधा मिलाकर ईद-उल-अज़हा की नमाज़ पढ़ी। इसमें शहर की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई। सोशल मीडिया पर ‘शोल्डर्स-टू-शोल्डर्स’ ग्रुप चलाने वाले हैदर ने कहा कि आज जब पूरी दुनिया एकता की बात कर रही है तो मुसलमान अलग-अलग फिरके के नाम पर क्यों एक-दूसरे के दुश्मन बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि कई और दोस्तों से बात की तो सभी के दिल में यही सवाल था कि एक ही मज़हब के मानने वाले आपस में क्यों लड़ रहे हैं। बस… तय किया कि इस बकरीद पर दोनों समुदाय के लोग एकसाथ नमाज पढ़ेंगे और पूरी दुनिया के सामने एकता की मिसाल कायम करेंगे।

हैदर और उनके दोस्तों ने सोशल मीडया साइट फेसबुक पर ‘शोल्डर्स-टू-शोल्डर्स’ नाम से एक पेज बनाया। जल्द ही उनके ही फेसबुक पेज पर सैकड़ो लोग जुड़ गए। यही नहीं इस पेज को दुनियाभर के लोगों से तारीफ मिली।

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना कल्बे सादिक ने इसकी तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही अच्छी पहल है। शिया और सुन्नियों की इबादत और उसके तरीके तकरीबन एक जैसे ही हैं। दोनों में सिर्फ ईद-उल-फितर और ईद-उल-अज़हा की नमाज़ के तरीके कुछ अलग हैं पर मकसद दोनों का इबादत ही है।

शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास ने भी युवाओं की इस पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि जब लोगों को आपस में लड़ाकर कमजोर किया जा रहा है, ऐसे माहौल में इस तरह की पहल वाकई काबिले-तारीफ है। सुन्नी और शिया समुदाय मिलकर नमाज़ पढ़ेंगे तो इससे भाईचारे की भावना मज़बूत होगी।